छत्तीसगढ़ निवेश 2025: ₹1.63 लाख करोड़ के निवेश के साथ टॉप-10 राज्यों में शामिल, बना नया निवेश केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपनी आर्थिक क्षमता का लोहा मनवाया है। प्रोजेक्ट टुडे सर्वे 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य को वित्तीय वर्ष 2025 में ₹1,63,748.95 करोड़ के रिकॉर्ड निवेश प्राप्त हुए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ देश के टॉप-10 निवेश प्राप्त करने वाले राज्यों में 10वें स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि राज्य को भारत के प्रमुख निवेश केंद्रों में शुमार करती है।
218 नई परियोजनाएं, रिकॉर्ड निवेश
2025 के दौरान राज्य में कुल 218 नई परियोजनाएं शुरू हुईं, जिनमें ₹1.63 लाख करोड़ से अधिक का प्रत्यक्ष निवेश दर्ज किया गया। यह देशभर में हुए कुल निवेश का 3.71% है, जो छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिहाज़ से ऐतिहासिक छलांग मानी जा रही है।
दो वर्षों में ₹4.4 लाख करोड़ का कुल निवेश
वित्तीय वर्ष 2024 और 2025 को मिलाकर राज्य में कुल ₹4.4 लाख करोड़ का निवेश दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा राज्य में तेजी से बढ़ते औद्योगिक माहौल और रोजगार के नए अवसरों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रणनीति का असर
निवेश में आई इस जबरदस्त उछाल के पीछे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व में बनाई गई नई औद्योगिक नीति, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय रोड शो, तथा निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल को अहम माना जा रहा है। सरकार द्वारा पारदर्शी प्रक्रियाएं, टैक्स में छूट और एकल खिड़की प्रणाली जैसी सुविधाओं ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।
300 से अधिक नीतिगत सुधारों ने बदली तस्वीर
राज्य सरकार द्वारा किए गए 300 से अधिक बिज़नेस फ्रेंडली रिफॉर्म्स ने छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना दिया है। स्टार्टअप्स से लेकर बड़ी इंडस्ट्रीज तक, सभी के लिए व्यापार शुरू करना अब और भी सरल, तेज़ और डिजिटल हो गया है। ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में भी राज्य की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।
छत्तीसगढ़ की यह आर्थिक छलांग न केवल राज्य के भविष्य को रौशन कर रही है, बल्कि यह भारत की औद्योगिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभा रही है।