अंबिकापुर दुर्ग-भिलाई बिलासपुर राजनांदगांव रायपुर

CG Morning News : आज और कल किसान बेच सकेंगे धान, सीएम साय मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का करेंगे भूमिपूजन, रायपुर प्रेस क्लब में होगा पदभार ग्रहण समारोह, सेना के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन…समेत पढ़ें अन्य खबरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीदी की अवधि 5 और 6 फरवरी दो दिन बढ़ाई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर धान खरीदी की तारीख में विस्तार किया गया है, जिससे कई किसान अब भी अपना धान बेच सकेंगे। सरकार के निर्णय के अनुसार 10 जनवरी के बाद टोकन कटाने वाले किसान इस सुविधा के पात्र होंगे। जिन किसानों के पास 28, 29 और 30 जनवरी की तारीख वाले टोकन हैं, वे आज और कल संबंधित खरीदी केंद्रों में अपना धान विक्रय कर सकेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई थी, लेकिन किसानों की समस्याओं और मांग को देखते हुए सरकार ने यह अहम फैसला लिया है।

मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय जशपुर जिले के प्रवास पर हैं। मुख्यमंत्री 5 फरवरी को मयाली में बहुप्रतीक्षित मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित करेगी। उल्लेखनीय है कि मयाली- बगीचा विकास परियोजना के लिए भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत सीबीडीडी उप-योजना के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना को मधेश्वर पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मयाली डेम के समीप विकसित किया जाएगा।

रायपुर प्रेस क्लब में आज पदभार ग्रहण समारोह

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब चुनाव के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह आज आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। समारोह शाम 6 बजे मधुकर खेर स्मृति रायपुर प्रेस क्लब परिसर में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू और महासचिव गौरव शर्मा औपचारिक रूप से शपथ लेकर अपना कार्यभार संभालेंगे। इसके साथ ही कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े भी पदभार ग्रहण करेंगे।

लैब अटेंडेट: 278 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 6 को

रायपुर। प्रयोगशाला परिचारक भती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन के दूसरे चरण के दूसरे अवसर में 278 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसमें 136 अभ्यर्थी दिव्यांग केटेगरी के थे। इन सभी अनुपस्थित लोगों को दस्तावेज सत्यापन के लिए तृतीय एवं अंतिम मौका दिया जा रहा है। 6 फरवरी को इनके डाक्यूमेंट का वेरिफिकेशन होगा।

सेना के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन

नई दिल्ली। भारतीय सेना में 67वीं शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल-पुरुष) भर्ती 2026 के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन है। भर्ती के जरिए 350 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 5 फरवरी तक आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic. in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के माध्यम से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 101 पद, सिविल इंजीनियरिंग के 75, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 60, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 33, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 64 और अन्य कैटेगरी में 17 पद भरे जाएंगे। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले उम्मीदवारों को इंजीनियरिंग डिग्री मे मिले अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इनको एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

क्रिकेट प्रतियोगिता : विजेता टीमों को मिले पुरस्कार

रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर और गुढ़ियारी मोहल्ला समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रात्रिकालीन फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पुरुषों के साथ ही महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला वर्ग में खिताबी भिड़ंत रितु इलेवन और वर्षा इलेवन के बीच हुई। वहीं पुरुष वर्ग में सीताराम इलेवन और गुढ़ियारी टाइगर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को कुल 61 हजार रुपए की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वरिष्ठ समाजसेवी व सहयोगी बसंत अग्रवाल ने यह पुरस्कार दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा मंडल प्रभारी योगेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, मंत्री व जोन प्रभारी कमल अग्रवाल और युवा मंडल अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने पुरस्कार वितरण किया।

तीन दिनी कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ कल से

रायपुर। श्री कबीर पारख सिद्धांत प्रचार समिति रायपुर के तत्वावधान में राजधानी के कृष्णानगर स्थित कर्मा धाम में 6 से 8 फरवरी तक तीन दिवसीय कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन में कबीर आश्रम प्रयागराज के गुरुदेव धर्मेंद्र साहेब मुख्य वक्ता होंगे। समिति के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाले इस सत्संग समारोह में भजन, प्रवचन, संतों का आशीर्वचन, युवा वर्ग के लिए विशेष सत्र और गुरु पूजा जैसे कार्यक्रम होंगे। 6 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 बजे से भजन एवं प्रवचन होंगे।

Spread the love

Chhattis TV

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

दुर्ग जिले के CSEB सब स्टेशन में लगी भीषण आग
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग जिले के CSEB सब स्टेशन में लगी भीषण आग

29 मार्च 2025 को छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (CSEB) के दुर्ग जिले स्थित सब स्टेशन में एक भयंकर आग लग
छत्तीसगढ़ दुर्ग-भिलाई

मैत्री बाग जू: भीषण गर्मी से वन्यजीवों को बचाने के लिए की जा रही पानी की बौछार, डाइट में भी किया गया बदलाव

प्रचंड गर्मी ने न केवल आम लोगों के जीवन को प्रभावित किया है, बल्कि वन्यजीव भी इससे अछूते नहीं हैं।