बिलासपुर राजनांदगांव रायपुर

CG Morning News : सीएम साय मंत्रालय में दो विभागों की लेंगे बैठक, आज रायपुर पहुंचेगी भारत–न्यूजीलैंड की टीम, छत्तीसगढ़ में 2 दिन बाद बढ़ेगा तापमान, गांवों में चौपाल लगाएंगे सांसद, दिव्यांगों के लिए लगेगा रोजगार प्लेसमेंट कैंप, जगदलपुर में होगा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री साय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बंगले जाएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां खनिज संसाधन विभाग और जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री साय एक निजी होटल जाएंगे, जहां वे ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात 8.30 बजे रामग्रीन बैकवुड हॉल में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। रात 9 बजे मुख्यमंत्री साय अपने निवास लौट आएंगे।

कल रायपुर में भारत–न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला, आज पहुंचेगी टीमें

रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। क्रिकेट प्रेमियों में इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों टीमें आज दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से दोनों टीमें कड़ी सुरक्षा के बीच लग्जरी बसों से सीधे अपने-अपने होटलों के लिए रवाना होंगी। न्यूजीलैंड टीम होटल हयात में ठहरेगी, वहीं भारतीय टीम छेरीखेड़ी स्थित होटल कोर्टयार्ड में रुकेगी। आज ही शाम 5 बजे से दोनों टीमों के खिलाड़ी स्टेडियम में अभ्यास करेंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम घरेलू मैदान पर जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं न्यूजीलैंड टीम भी कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तैयारी में है।

छत्तीसगढ़ में ठंड से राहत, 2 दिन बाद बढ़ेगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोगों को ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश में फिलहाल मौसम ड्राई बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2°C दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1°C अंबिकापुर और जगदलपुर में दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाएं पहुंच रही है, जिसके असर से प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है।

गांवों में चौपाल लगाएंगे सांसद, जीरामजी की बताएंगे खूबियां

रायपुर। विकसित भारत जी-रामजी योजना को लेकर भाजपा गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत प्रदेश से भाजपा के 11 सांसद गांवों में चौपाल लगाकर किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। सांसद अपने क्षेत्र के 5 गांवों में खुद जाकर जी-रामजी योजना की खूबियों की जानकारी देंगे। ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान कर योजना से जुड़े फीडबैक लेंगे। फिर चौपाल से मिली प्रतिक्रियाओं, सुझावों और समस्याओं की पूरी रिपोर्ट संसद के बजट सत्र से पहले पार्टी मुख्यालय को भेजेंगे। फिलहाल चौपाल लगाने के लिए गांवों की सूची तैयार की जा रही है।

दिव्यांगों के लिए 23 जनवरी को रोजगार प्लेसमेंट कैम्प

रायपुर। रायपुर में दिव्यांगों को रोजगार से जोड़ने के लिए 23 जनवरी को विशेष प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प रोजगार कार्यालय रायपुर की तरफ से सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर सिविल लाइन्स में आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की कंपनी सीधे साक्षात्कार के माध्यम से भर्तियां करेंगी।इस कैम्प में छत्तीसगढ़ के ऐसे दिव्यांग महिला और पुरुष आवेदक शामिल हो सकते हैं, जो बिना व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों। साथ ही उम्मीदवारों को कंप्यूटर का ज्ञान, अंग्रेजी समझने की क्षमता और हिंदी बोलने और लिखने का ज्ञान होना अनिवार्य है। आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 27 वर्ष तय की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवास, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड की मूल, छायाप्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में 0771-4044081 पर संपर्क किया जा सकता है।

महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल 24 जनवरी को

जगदलपुर। अंडर 15 व अंडर 19 महिला क्रिकेटर्स का ट्रायल 24 जनवरी को सुबह 9 बजे से लालबाग मैदान जगदलपुर में होगा। बस्तर जिला क्रिकेट संघ के सचिव केदार ठाकुर ने बताया कि अंडर 15 व अंडर 19 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ लेगा। अंडर 15 में हिस्सा लेने 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच और अंडर 19 के लिए कट ऑफ डेट 1 सितंबर 2007 होगा। ट्रायल्स से पहले खिलाड़ियों को अपना पंजीयन करवाना होगा, जिसके लिए करणदीप व टोनी बारला से संपर्क किया जा सकता है। ट्रायल्स में चयनित होने वाले खिलाड़ी 28 जनवरी को सुबह 9 बजे से कांकेर में अगले चरण के ट्रायल में हिस्सा लेंगे।

Spread the love

Chhattis TV

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

छत्तीसगढ़ रायपुर

पहलगाम आतंकी हमले पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, कहा- इस तरह की घटना का बदला लेगा देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह